घर का भेदी निकला चोर
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
परिचित युवकों ने ही उड़ाए लाखों के गहने
चोरी किए गए सोने-चांदी के लाखों रुपये कीमत के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
हरिद्वार। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के ग्राम मुंडाखेड़ा कलां में एक घर में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी गांव के ही परिचित युवक हैं, जिन्हें घर में रखी नगदी और जेवरात की जानकारी थी।
पुलिस के अनुसार, 30-31 अगस्त की मध्यरात्रि ग्राम मुंडाखेड़ा कलां निवासी नवीन के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने कसी कमर
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाई। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। लगातार की गई जांच और प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से घर से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए।
घर में आना-जाना था, इसलिए थी पूरी जानकारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए आरोपितों का शिकायतकर्ता के घर पहले से आना-जाना था। इसी दौरान उन्हें घर में नगदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी मिल गई। इसके बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपितों ने नगदी खर्च कर दी, जबकि चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की योजना बनाई गई थी। इससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया और चोरी का माल बरामद कर लिया।
शिकायतकर्ता ने की बरामद आभूषणों की पहचान
पुलिस द्वारा बरामद किए गए आभूषणों की मौके पर शिकायतकर्ता से पहचान कराई गई।मामले में पुलिस ने मुकदमे में धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते आशीष सैनी उर्फ गादड़, पुत्र सुखबीर सैनी, उम्र 26 वर्ष व ललित कुमार उर्फ पाशा, पुत्र मुनेश, निवासीगण ग्राम मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर, उम्र 24 वर्ष बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें चैन मय लॉकेट, झुमके, अंगूठियां, टॉप्स, बिछुए, चांदी के सिक्के और सोने के कड़े शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।

