उत्तराखंड में पहाड़ों में दिखने लगा गुलाबी ठंडक का असर
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
कुछ राज्यों में होगी बरसात
देहरादून । उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के दौर पर अब ब्रेक लगता नजर आ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 21 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा, जिससे आम जनजीवन को राहत मिलने की पूरी उम्मीद है. हालांकि चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है. यानी देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर समेत मैदानी इलाकों में फिलहाल बड़ी बारिश की संभावना नहीं है, जबकि पहाड़ के कुछ हिस्सों में बादल सक्रिय रह सकते हैं।
सम विभाग के मुताबिक राज्य भर में मानसून की सक्रियता काफी कमजोर पड़ चुकी है, जिसके चलते पिछले 24 घंटों में भी इक्का-दुक्का जगहों पर ही छिटपुट बारिश दर्ज की गई. 21 सितंबर के लिए राहत भरी बात यह है कि मौसम केंद्र की ओर से प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है. चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर फिलहाल भूस्खलन का बड़ा खतरा टल गया है, जिससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने वाली है. तापमान में भी दिन के समय हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जबकि रात के समय पहाड़ों में गुलाबी ठंडक का अहसास बना रहेगा।

