Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • एआरटीओ कार्यालय में अचानक निरीक्षण से मचा हड़कंप

एआरटीओ कार्यालय में अचानक निरीक्षण से मचा हड़कंप

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

परिसर से हटाए गए अनधिकृत ढाबे और बिचौलिये

डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर संयुक्त जांच, अभिलेखों से लेकर ई-ऑफिस और लंबित मामलों तक की हुई पड़ताल

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने एआरटीओ कार्यालय परिसर रोशनाबाद की व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने कार्यालय परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर और उसके आसपास अनधिकृत रूप से संचालित ढाबों तथा कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों को हटाया गया। इसके अलावा कार्यालय के बाहर अनावश्यक रूप से एकत्र लोगों को भी वहां से हटाकर परिसर की व्यवस्था को सुव्यवस्थित कराया गया।

हर पटल और रिकॉर्ड की जांच

संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों और पटलों की कार्यप्रणाली देखी। अधिकारियों ने अभिलेखों एवं पंजिकाओं के रखरखाव, लंबित प्रकरणों और ई-ऑफिस व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को रिकॉर्ड अद्यतन रखने के साथ ही आम जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कार्यालय परिसर में अनधिकृत गतिविधियों पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर के आसपास संचालित अनधिकृत ढाबों और अस्थायी रूप से कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों को हटाया गया। परिसर के बाहर अनावश्यक रूप से मौजूद लोगों को भी वहां से हटाया गया। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना किसी वैध कार्य के एआरटीओ कार्यालय परिसर अथवा उसके आसपास अनावश्यक रूप से बैठने और किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि में शामिल होने से बचें।

दोबारा पकड़े गए तो FIR की चेतावनी

परिवहन विभाग ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति बिना किसी वैध कार्य के कार्यालय परिसर में पाया जाता है अथवा अनधिकृत गतिविधि में संलिप्त मिलता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई का उद्देश्य कार्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों को किसी भी तरह की असुविधा और अनधिकृत हस्तक्षेप से बचाना है।

बिचौलियों से बचने की आमजन से अपील

निरीक्षण के दौरान एआरटीओ अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि परिवहन विभाग से जुड़े अपने कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वयं कराएं और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या बिचौलिए के संपर्क में न आएं।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required