मुनाकोट में फंसा तेंदुआ, वन विभाग ने ट्रैंकुलाइजर से किया सुरक्षित रेस्क्यू
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
पिथौरागढ़। जनपद के मुनाकोट क्षेत्र में तेंदुआ फंसने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। चिकित्सक की निगरानी में ट्रैंकुलाइजर की सहायता से तेंदुए को काबू में लेकर सकुशल बाहर निकाला गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। विशेषज्ञों की निगरानी में सावधानीपूर्वक चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना की आशंका भी टल गई।
वन विभाग के अनुसार, वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। आमजन की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देते हुए प्रशिक्षित टीमों के माध्यम से वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू सुनिश्चित किया जा रहा है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने या संकट में होने की स्थिति में उसके नजदीक न जाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

