Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • टनकपुर–तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ ट्रेन पर सिख समाज ने सीएम धामी का जताया आभार

टनकपुर–तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ ट्रेन पर सिख समाज ने सीएम धामी का जताया आभार

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने ट्रेन का अमृतसर तक विस्तार की उठाई मांग

नानकमत्ता/खटीमा। टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए नई रेल सेवा शुरू होने पर तराई के सिख समाज में खुशी की लहर है। रविवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, नानकमत्ता साहिब की बैठक में इस ऐतिहासिक रेल सेवा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रेल मंत्री और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पशु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रंजीत सिंह नामधारी को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू होना लंबे समय से सिख समाज की प्रमुख मांग थी। इस रेल सेवा से उत्तराखंड के तराई क्षेत्र सहित आसपास के राज्यों के हजारों श्रद्धालुओं को नांदेड़ साहिब की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी। कमेटी ने कहा कि इस नई ट्रेन का सबसे अधिक लाभ चंपावत जिले के ऐतिहासिक गुरुद्वारा रीठा साहिब, ऊधम सिंह नगर के गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को मिलेगा। अब इन धार्मिक स्थलों से जुड़े श्रद्धालु सीधे तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक रेल यात्रा कर सकेंगे।

बैठक में एक और महत्वपूर्ण मांग उठाते हुए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कहा कि यदि इस ट्रेन का अमृतसर तक विस्तार कर दिया जाए और इसे भोजीपुरा, लालकुआं और बाजपुर होते हुए संचालित किया जाए, तो उत्तराखंड के हजारों श्रद्धालुओं को श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) के दर्शन के लिए भी सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं का समय व खर्च दोनों कम होंगे।

इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जोगिंदर सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह बोपाराय, सचिव हरभजन सिंह, राजपाल सिंह, लक्खा सिंह, गुरदीप सिंह दीपा, कुलविंदर सिंह किंदा, निरंजन सिंह, गुरवंत सिंह, गुरदयाल सिंह, प्रकाश सिंह, ब्लॉक प्रमुख श्याम सिंह अमरिया, सुखवंत सिंह भुल्लर, बलदेव सिंह चीमा, रंजीत सिंह राणा, प्रचारक शमशेर सिंह, कार सेवा जत्थेदार बाबा रविंदर सिंह, बाबा जसबीर सिंह, दिलबाग सिंह, किसान नेता मनजिंदर सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक के अंत में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि रेलवे मंत्रालय उनकी इस मांग पर भी सकारात्मक निर्णय लेते हुए टनकपुर–नांदेड़ रेल सेवा का अमृतसर तक विस्तार करेगा, जिससे उत्तराखंड के श्रद्धालुओं को देश के दो प्रमुख सिख तख्तों और पवित्र धार्मिक स्थलों तक सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required