पतंजलि विश्वविद्यालय पांच गांवों में लगाएगा निःशुल्क योग चिकित्सा शिविर
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
15 से 18 अक्टूबर तक होगा आयोजन, प्रतिदिन सुबह छह से साढ़े सात बजे तक योगाभ्यास और स्वास्थ्य परामर्श
हरिद्वार। पतंजलि विश्वविद्यालय की ओर से योग एवं आयुर्वेद के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए 15 से 18 अक्टूबर तक पांच गांवों में चार दिवसीय निःशुल्क योग चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। योगऋषि स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के योग एवं आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के तहत यह पहल की जा रही है।
शिविर बहादराबाद स्थित वात्सल्य वाटिका, खेड़ली गांव के आदर्श इंटर कॉलेज, अहमदपुर गांव के नए पंचायत घर, बोंगला गांव के आर्य इंटर कॉलेज और रूहालकी गांव के आर्य समाज मंदिर में आयोजित होंगे। सभी शिविर प्रतिदिन सुबह छह से साढ़े सात बजे तक चलेंगे। इनमें पतंजलि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी ग्रामीणों को योग, प्राणायाम और आयुर्वेद के महत्व की जानकारी देंगे।
शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, जोड़ों के दर्द, तनाव और नींद संबंधी समस्याओं के प्रबंधन में योग की भूमिका बताई जाएगी। इसके साथ ही संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा प्रतिभागियों को रोगानुसार आहार, आयुर्वेदिक औषधियों के संबंध में परामर्श और निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श भी दिया जाएगा।
शिविरों का आयोजन पतंजलि विश्वविद्यालय के स्वामी आर्षदेव और योग संकाय के डीन प्रोफेसर कृष्णन चंदक के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. सचिन भारद्वाज और डॉ. सुभाष कर रहे हैं। विश्वविद्यालय के विद्यार्थी ग्रामीण समुदाय तक योग एवं आयुर्वेद की उपयोगिता पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
आयोजन में खेड़ली से सुशील चौहान, अहमदपुर से सुमित मंत्री, बोंगला से योगेश चौहान, रूहालकी से चंदन और बहादराबाद से बसंत का सहयोग मिल रहा है। शिविरों का समापन 18 अक्टूबर को सुबह विशेष यज्ञ के साथ होगा। आयोजकों ने ग्रामीणों से शिविरों में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की है। शिविरों में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
संपर्क: 9558120051, 9927647502

