Search for:
  • Home/
  • Accident/
  • कनखल में ओवरलोड गन्ने का ट्रक पलटा, नीचे दबकर चकनाचूर हुईं दो कारें

कनखल में ओवरलोड गन्ने का ट्रक पलटा, नीचे दबकर चकनाचूर हुईं दो कारें

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

हरिद्वार में देर रात हुआ हादसा, एक कार पूरी तरह गन्नों से ढकी, दूसरी का पिछला हिस्सा दबा; गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई

हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर देर रात गन्नों से लदा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी दो कारें उसके नीचे दब गईं। हादसे में हरियाणा नंबर की एक कार पूरी तरह गन्नों के नीचे दब गई, जबकि उत्तराखंड नंबर की दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे आ गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों कारों में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार इन दिनों शुगर मिलों में गन्ने का पेराई सत्र शुरू हो चुका है। इसके चलते किसान बड़ी संख्या में गन्ने से लदे वाहनों को लेकर मिलों की ओर जा रहे हैं। इसी क्रम में देर रात गन्नों से भरा एक ओवरलोड ट्रक हरिद्वार में हाईवे की सर्विस रोड से गुजर रहा था। प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने अचानक चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटते ही वहां खड़ी दो कारें उसके नीचे दब गईं।

बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार रिश्तेदारी में हरिद्वार आया हुआ था। परिवार के लोग कार को सर्विस रोड के किनारे खड़ी कर कहीं गए हुए थे। हादसे के समय कार में कोई मौजूद नहीं था। ट्रक में लदे गन्ने पूरी तरह कार के ऊपर गिर गए, जिससे कार दिखाई देना भी मुश्किल हो गया। वहीं दूसरी उत्तराखंड नंबर की कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे दब गया।

अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए ट्रक से गन्ने हटवाए और उसे हटाकर दोनों कारों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सर्विस रोड पर यातायात सुचारू कराया गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे और आसपास की सड़कों पर ओवरलोड गन्ने से लदे वाहनों के लगातार संचालन पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि क्षमता से अधिक गन्ना लादकर चलने वाले वाहन सड़क पर अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जरूरत है।

एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक को खाली कराकर हटाया गया और दोनों कारों को बाहर निकालने के बाद सर्विस लेन को यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया। हादसे में कारों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रक चालक मौके से फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required