हरकी पौड़ी से सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
हजारों दीपों से जगमगाए गंगा घाट
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े होंगे विभिन्न कार्यक्रम
हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार के ब्रह्मकुंड हरकी पौड़ी से गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। उत्तराखंड सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान हरकी पौड़ी, मालवीय घाट, नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से घाट जगमगा उठे। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों के साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सतपाल महाराज ने मां गंगा की आराधना कर देश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान बद्रीनाथ और केदारनाथ से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भविष्य यशस्वी हो और वे निरंतर देश की सेवा करते रहें। उन्होंने कहा कि आमजन की सेवा की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक जनपदभर में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक मजबूत करने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं
मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुरू हुए अभियान के तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा विकसित भारत-2047 तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

आंगन मिलन से पोषण और स्वास्थ्य की जानकारी
अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसके माध्यम से आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता अभिभावकों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देंगी। वहीं ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियों को भाषण, चित्रकला और एनीमेटेड वीडियो के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी साझा करना है।
सेवा ज्योति कलश यात्रा भी निकलेगी
अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक कलश को प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों को स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि अभियान के दौरान पूरे जनपद में विविध जनजागरूकता और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, कार्यक्रम संयोजक एवं राज्य मंत्री सुनील सैनी, राज्यमंत्री नितिन गौतम, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष अरविंद कुशवाहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, संदीप शर्मा, लव शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। श्रीगंगा सभा, शांतिकुंज, आदर्श युवा समिति, दिव्य प्रेम सेवा मिशन, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

