केदारनाथ हेली सेवा का पहला चरण समाप्त, मानसून के बाद फिर शुरू होगा संचालन
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
बारिश और खराब मौसम को देखते हुए फिलहाल बंद हुई हेलिकॉप्टर सेवा
देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राहत देने वाली केदारनाथ हेली सेवा फिलहाल थम गई है। मानसून के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 25 जून के बाद हेलीकॉप्टर संचालन की अनुमति नहीं दी है। अब मौसम सामान्य होने के बाद सितंबर से सेवा दोबारा शुरू किए जाने की तैयारी है।
22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई हेली सेवा का संचालन 25 जून तक जारी रहा। इस वर्ष उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने नई निविदा प्रक्रिया के तहत आठ हेली ऑपरेटरों को सेवा संचालन की जिम्मेदारी सौंपी थी। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से प्रतिदिन श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंचाया गया।
22 अप्रैल से 25 जून तक के संचालन के दौरान विभिन्न हेली कंपनियों ने 11,800 से अधिक शटल उड़ानें संचालित कीं। इस अवधि में करीब 1.37 लाख श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाकर बाबा केदार के दर्शन किए। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि डीजीसीए की ओर से हेली सेवा संचालन की अनुमति 25 जून तक ही दी गई थी। मानसून के दौरान केदारघाटी में लगातार बारिश, कम दृश्यता और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर सेवा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सितंबर से हेली सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।

