धनपुरा लूटकांड: पांच घंटे में तीन आरोपी दबोचे, पूरा माल बरामद
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
युवक और उसके दोस्त से मारपीट कर लूटे थे आभूषण व मोबाइल
हरिद्वार। पुलिस ने लूट की घटना का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत सामान भी बरामद कर लिया। आरोपियों ने धनपुरा क्षेत्र में दो युवकों के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूट लिए थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों को उनका सामान वापस मिल गया।
पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर थाना क्षेत्र के दयानंद नगरी, वानप्रस्थ गेट कनखल रोड निवासी नीरज चौहान ने थाना पथरी में तहरीर देकर बताया कि वह अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आया था। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की और दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण और दोनों मोबाइल फोन बरामद हुए। पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान करने के साथ आरोपियों को भी पहचाना।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम पते अरुण कुमार (24 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह, रितिक (22 वर्ष) पुत्र जगदीश, निवासीगण टांडा भागमल, थाना लक्सर व विशाल (19 वर्ष) पुत्र अमरीश, निवासी शाहपुर, थाना पथरी बताए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही कर सभी का चालान कर दिया है।

