हरिद्वार में तैनात महिला पुलिसकर्मी का दहेज के लिए उत्पीड़न
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
पति-ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
बेटी के जन्म के बाद बढ़ी प्रताड़ना, मारपीट और गला दबाने की शिकायत, ज्वालापुर थाने में मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। धर्मनगरी में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद उसे लगातार ताने दिए गए और पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की। एक विवाद के दौरान गला दबाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के आधार पर ज्वालापुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी आरती यादव का विवाह 29 नवंबर 2023 को सहारनपुर जिले के गांगलहेड़ी क्षेत्र के चौरादेव गांव निवासी प्रवेश यादव से हुआ था। प्रवेश सिंचाई विभाग में कार्यरत है। आरती का कहना है कि शादी में मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। कार खरीदने के लिए आठ लाख रुपये नकद भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।
बेटी के जन्म के बाद बढ़ी परेशानी
महिला ने आरोप लगाया कि बेटी के जन्म के बाद उसे ताने सुनने पड़े। बच्ची के जन्म पर हुए खर्च का भुगतान भी उसने खुद किया। शिकायत में पति पर बेटी के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहयोग नहीं देने का आरोप लगाया गया है। महिला के मुताबिक, छह महीने के अवकाश के दौरान ससुराल में रहने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उसने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
हरिद्वार तबादला कराने पर भी नहीं सुधरे हालात
आरती के अनुसार, वैवाहिक संबंधों को बचाने के लिए उसने अपनी तैनाती कोटद्वार से हरिद्वार करा ली और रुड़की में किराये पर कमरा लेकर पति के साथ रहने लगी। आरोप है कि इसके बाद भी विवाद जारी रहे और उसे कई बार कमरे से बाहर निकाल दिया गया। महिला ने सास और देवर से हस्तक्षेप कर पति को समझाने की अपील की, लेकिन उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
गला दबाने और जेवर ले जाने का आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि एक विवाद के दौरान पति ने उसे घर से निकाल दिया। उसने रात में ब्लेड से हमला करने की धमकी देने और गला दबाने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद महिला ने आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर मदद मांगी। इसके अलावा, उसने पति पर अपने जेवर बैग से निकालकर अपनी मां और भाई को देने तथा उसके भाई के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने और नौकरी छुड़वाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में महिला हेल्पलाइन से भी शिकायत की थी। अब ज्वालापुर थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

