तमंचे के बल पर बाइक-मोबाइल लूट का खुलासा
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर दबोचे आरोपित
स्विफ्ट कार समेत सामान बरामद, दो अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बताई जा रही स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को अन्नेकी हेतमपुर, रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात युवकों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी खंगाले, संदिग्धों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्धों और वारदात में इस्तेमाल वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इसके साथ ही वादी से पूछताछ और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने नवोदय स्कूल के सामने लगने वाले पीठ मैदान के पास से दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
देहरादून में अपहरण के प्रयास के बाद हरिद्वार आने की बात
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 23 सितंबर को थाना रायपुर, देहरादून क्षेत्र में एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वे कार से हरिद्वार आए थे। अगले दिन एक साथी अपने घर चला गया, जबकि दीपक समेत चार युवक पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वहां शराब पीने के बाद पैसों की कमी के चलते आरोपितों ने नदी किनारे कार खड़ी की और कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को रोक लिया। आरोप है कि तमंचे के बल पर बाइक सवार से पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स लूटकर सभी मौके से फरार हो गए। पूछताछ में आरोपितों ने यह भी बताया कि उनके दो अन्य साथी बाइक और मोबाइल फोन बेचने के लिए गए थे, लेकिन अभी तक वापस नहीं लौटे हैं।
फरार आरोपितों की तलाश में दबिश
पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य दो आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस बरामद सामान और आरोपितों के बताए तथ्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपित के नाम पते दीपक पुत्र दिलीप कुमार, निवासी ग्राम खागा, थाना खागा, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर, हरिद्वार, उम्र 21 वर्ष व आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल, निवासी ग्राम नगर, थाना पौड़ी, जिला पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी मकान नंबर 1028, विष्णु लोक कॉलोनी, थाना रानीपुर, हरिद्वार, उम्र 26 वर्ष बताए गए हैं।

