Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • जंगल में घेरा तो बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक घायल

जंगल में घेरा तो बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक घायल

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

बहादराबाद-दौलतपुर के जंगल में घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, साथी अंधेरे में फरार

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बहादराबाद-दौलतपुर के बीच जंगल में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने देर रात तक जंगल में कांबिंग अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले शांतिशाह क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड से जुड़े बदमाश बहादराबाद-दौलतपुर के बीच जंगल क्षेत्र में मौजूद हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल की घेराबंदी शुरू की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। उसकी पहचान सहारनपुर निवासी मुदस्सिर के रूप में हुई है।

गोली लगने से घायल मुदस्सिर को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसएसपी नवनीत सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की। पुलिस अब उससे हैप्पी हत्याकांड में उसकी भूमिका, वारदात के कारण और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

साथी की तलाश में जंगल में कांबिंग

मुठभेड़ के दौरान मुदस्सिर का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। उसके बाद बहादराबाद इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने पूरे क्षेत्र में कांबिंग अभियान शुरू किया। जंगल से बाहर निकलने वाले संभावित रास्तों पर भी पुलिस ने निगरानी बढ़ाई। एसपी सिटी दीपक सिंह समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। पुलिस टीमों ने जंगल में काफी देर तक फरार बदमाश की तलाश की।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायल आरोपी से पूछताछ में हैप्पी हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस वारदात की वजह, हत्या में शामिल अन्य आरोपियों और फरार बदमाश की भूमिका की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, जिसके बाद हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required