ऑपरेशन प्रहार- देहरादून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो नशा तस्कर गिरफ्तार
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
गांजा और चरस के साथ दो आरोपी दबोचे गए
देहरादून। देहरादून पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा और चरस की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के दौरान ऋषिकेश और सेलाकुई थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध गांजा और चरस बरामद की है।
पहले मामले में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने 26 जून को शिवाजी नगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान विकास साहनी नामक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में थाना सेलाकुई पुलिस ने डिक्सन कंपनी के ग्राउंड के पास से सोमवीर सिंह नामक आरोपी को 180.16 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। देहरादून पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

