फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान उठा रही है हसीन वादियो का लुत्फ
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
पंवाली कांठा की वादियों में सारा अली खान, बर्फबारी के बीच किया रोमांचक ट्रैक
नई टिहरी : बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान ने उत्तराखंड के टिहरी जनपद स्थित प्रसिद्ध पंवाली कांठा बुग्याल का ट्रैक कर पहाड़ों की अद्भुत खूबसूरती और बर्फबारी का भरपूर आनंद लिया। उनकी इस यात्रा ने एक बार फिर उत्तराखंड के बुग्यालों की ओर पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया है।
सारा अली खान टिहरी के घुत्तू क्षेत्र पहुंचीं, जहां से उन्होंने ग्वाणा गांव से लगभग 18 किलोमीटर लंबे पैदल ट्रैक की शुरुआत की। यह ट्रैक प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों और ऊंचे पहाड़ों के बीच से होकर गुजरता है, जो ट्रैकर्स के लिए किसी रोमांच से कम नहीं है।
ट्रैक के दौरान उन्होंने दोफन नामक स्थान पर रात्रि विश्राम किया। खास बात यह रही कि यहां किसी भी प्रकार की होटल या रेस्टोरेंट सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद सारा ने बर्फबारी के बीच टेंट में रुककर असली एडवेंचर का अनुभव लिया। अगले दिन सुबह वह पंवाली कांठा बुग्याल पहुंचीं, जहां इन दिनों ताजा बर्फबारी के चलते पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढका हुआ है। बुग्यालों की मनमोहक वादियों और बर्फीले नजारों के बीच उन्होंने काफी समय बिताया और प्रकृति के इस अनोखे रूप का आनंद लिया। देर शाम वह दोफन वापस लौटीं और अगले दिन घुत्तू के लिए रवाना हो गईं।
ट्रैक के दौरान सारा अली खान ने सादगी का परिचय देते हुए खुद को एक सामान्य यात्री की तरह प्रस्तुत किया। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ समय बिताया और पहाड़ी व्यंजनों जैसे लाल चावल, मंडवे की रोटी और लेंगड़े की सब्जी का स्वाद भी लिया। वहीं ट्रैकर्स से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह स्थान बेहद खूबसूरत है, यहां आकर उन्हें बहुत सुकून मिला और यह अनुभव उनके लिए यादगार रहा। उन्होंने भविष्य में दोबारा यहां आने की इच्छा भी जताई। सारा अली खान की इस यात्रा से पंवाली कांठा जैसे खूबसूरत लेकिन कम चर्चित ट्रैकिंग स्थलों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

