कांवड़ की भीड़ में चैन स्नेचिंग करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
लूटी गई सोने की चेन बरामद
एक आरोपित हत्या के प्रयास और अवैध हथियार के मामलों में जा चुका है जेल
हरिद्वार। कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर चैन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों में एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और वह हत्या के प्रयास तथा अवैध हथियार रखने के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को कुश शर्मा पुत्र कमल शर्मा, निवासी फेस-3 जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार ने पुलिस को सूचना दी थी कि 15 अगस्त को बैरागी कैंप कनखल में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी पत्नी के गले से चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।
मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से पहुंची पुलिस
घटना के अनावरण के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली कनखल पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार की गई कार्रवाई के बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जियापोता के पास से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास से जुड़ी अन्य जानकारी भी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते भूदेव पुत्र राजेश कुमार, निवासी गली नंबर 29, नेहरू रोड, कोतवाली बड़ौत, उत्तर प्रदेश व करण पुत्र सतपाल, निवासी गली नंबर 8, मोहनपुरी, गोंडा चौक, थाना भजनपुरा, नई दिल्ली बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपि भूदेव के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

