दुष्कर्म, मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी के मामले में इनामी आरोपित गिरफ्तार
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
वारदात में शामिल चार आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में महिला से मारपीट, दुष्कर्म, कान के कुंडल लूटने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे 5000 के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण के अनुसार, 08 जुलाई को एक महिला ने थाना पथरी में विपक्षियों के खिलाफ मारपीट, दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने और कान के कुंडल लूटने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने वारदात में शामिल चार आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक आरोपित लगातार फरार चल रहा था।
फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा 5000 का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपित की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में कटारपुर जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान फरार चल रहे इनामी आरोपित के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम पता सुधीर उर्फ लक्की पुत्र सुंदर, निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार उम्र 19 वर्ष बताया गया है।

