उत्तराखंड में 6 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
आनंद श्रीवास्तव बने महानिदेशक कृषि एवं उद्यान
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने देर रात प्रशासनिक स्तर पर छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों से जुड़े इस फेरबदल को फिलहाल सामान्य प्रशासनिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, सबसे महत्वपूर्ण बदलाव आईएएस अधिकारी आनंद श्रीवास्तव को महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी सौंपे जाने को माना जा रहा है।
महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का पद पिछले कुछ समय से रिक्त चल रहा था। इससे पहले आईएएस अधिकारी वंदना इस पद की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद से यह महत्वपूर्ण पद खाली था। अब शासन ने आनंद श्रीवास्तव को यह जिम्मेदारी सौंप दी है।

विजय कुमार जोगदंडे को गृह विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी
तबादला सूची में निर्वाचन की जिम्मेदारी संभाल रहे विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव गृह की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास का दायित्व वापस ले लिया गया है। पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी वापस ली गई है। बताया जा रहा है कि सेमवाल जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में उनके दायित्वों को पहले से ही सीमित किया जा रहा है।
सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
सचिवालय सेवा में भी दो अधिकारियों के दायित्व बदले गए हैं। सुनील सिंह को अपर सचिव आवास की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पहले से अपर सचिव राजस्व की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव के पद पर तैनाती दी गई है। उन्हें अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फिलहाल देर रात जारी छह अधिकारियों की सूची को शासन की ओर से नियमित प्रशासनिक फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन आने वाले दिनों में जिलों और शासन स्तर पर होने वाले संभावित बदलावों को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज होने की संभावना है।

