बारिश का कहर: नाले-नहर में बहकर दो बच्चों की मौत
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
देहरादून। राजधानी देहरादून में भारी बारिश के बीच नाले और नहर में बहने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। एक बच्चे का शव पटेल नगर क्षेत्र में बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बरामद हुआ, जबकि दूसरे बच्चे का शव रायपुर क्षेत्र की गूलरघाटी नहर से मिला।
भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर से लापता हुआ था 12 वर्षीय बच्चा
पहली घटना पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर की है। यहां वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत कर्मचारी का 12 वर्षीय बेटा सम्राट गोपी जीवी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना देने के साथ सोशल मीडिया पर भी बच्चे की जानकारी साझा की गई। पुलिस ने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। बच्चे के परिसर से बाहर जाने के स्पष्ट सुराग नहीं मिले।
इसके बाद परिसर से होकर गुजरने वाले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ड्रोन की मदद से भी तलाश की गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बच्चे का शव बरामद किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चा तेज बहाव में बहकर करीब छह किलोमीटर दूर तक पहुंच गया।
गूलरघाटी नहर में गिरा 10 वर्षीय बच्चा
दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के गूलरघाटी रोड, बालावाला की है। यहां मंगलवार को 10 वर्षीय केपी नहर में गिर गया। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाकर तलाश शुरू कराई गई। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ ने बच्चे का शव गूलरघाटी नहर से बरामद किया। पुलिस के अनुसार बच्चा मूल रूप से लखीमपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। बताया गया कि बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था। दोनों बच्चों के शव पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं।
बारिश में नाले-नहर से दूर रहें
दो बच्चों की मौत के बाद देहरादून पुलिस ने लोगों से बारिश के दौरान नाले, नहर और नदी के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अभिभावकों से अपील की कि तेज बहाव वाले स्थानों के आसपास बच्चों को न जाने दें और जलभराव वाले क्षेत्रों में भी सावधानी बरतें।

