हरेला पर्व को जन-जन से जोड़ने की तैयारी
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
सभी जिलों को एक्शन प्लान बनाने के निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रदेशभर में हरेला पर्व को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए सभी जिलों को विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का अभियान है। इसके लिए स्कूलों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGO), न्याय पंचायतों और ग्राम पंचायतों को जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को यातायात सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य क्लस्टर विद्यालयों के माध्यम से छात्रों को सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्लस्टर विद्यालयों में जल्द काम शुरू किया जा सकता है, उन्हें पहले चरण में शामिल किया जाए। साथ ही, गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के आयुक्तों को साप्ताहिक समीक्षा कर विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव नितेश कुमार झा, रविनाथ रमन, डॉ. वी. षणमुगम, चंद्रेश कुमार यादव, विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

