Search for:
  • Home/
  • Accident/
  • पीपलकोटी टनल हादसा: 7 श्रमिकों की मौत की पुष्टि, 3 अब भी फंसे

पीपलकोटी टनल हादसा: 7 श्रमिकों की मौत की पुष्टि, 3 अब भी फंसे

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुक्रवार सुबह भी जारी है। टनल में धंसाव के साथ पानी और मलबा भरने से कई कर्मचारी अंदर फंस गए थे।


अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश के अनुसार, हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 3 कर्मचारी अभी भी टनल के अंदर फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। हादसे के बाद रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों को विवेकानंद अस्पताल, पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने सभी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।


सीएम धामी ने लिया रेस्क्यू ऑपरेशन का अपडेट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार सुबह देहरादून स्थित आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर पीपलकोटी टनल हादसे में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने घायलों को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को उनके बेहतर इलाज और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


डीएम और एसपी मौके पर डटे
पीपलकोटी में टीएचडीसी टनल में मलबा और पानी आने की घटना के बाद चमोली के डीएम गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार घटनास्थल पर मौजूद हैं। दोनों अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।


लापता श्रमिकों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने लापता लोगों के संबंध में जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
0135-2710334
82188-67005
1070
प्रशासन का फोकस फिलहाल टनल में फंसे तीनों श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required