ऋषिकुल आयुर्वेद परिसर में गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता का संदेश
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
हरिद्वार। ऋषिकुल आयुर्वेद परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर निदेशक प्रोफेसर डॉ. ओपी सिंह एवं चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. अजय गुप्ता ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. खेमचंद, प्रोफेसर डॉ. रमेश तिवारी सहित सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं कार्मिक मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को आत्मसात करते हुए परिसर में सामूहिक श्रमदान किया गया। इसके बाद चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में परिसर निदेशक सहित अन्य वक्ताओं और छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान-जय किसान’ के आदर्शों पर विचार रखे। सभी ने दोनों महापुरुषों के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

