Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत

स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

चलती बस में लगी आग से मची अफरा-तफरी, 20 से अधिक यात्रियों को पुलिस ने सुरक्षित निकाला; चालक-परिचालक हिरासत में

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र में बुधवार देर रात स्लीपर बस में भीषण आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसा 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। बस कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा जा रही थी और उसमें करीब 35 यात्री सवार थे।

बताया गया कि रात करीब 11 बजे बस में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही जेवर पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और दमकल कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि नौ यात्री बस के अंदर मृत मिले। पुलिस के अनुसार, मौतें आग में जलने और दम घुटने से हुईं।

एसी में स्पार्क के बाद फैली आग

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि बस के एसी में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगी, जो तेजी से पूरी बस में फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है। जली हुई बस को एक्सप्रेसवे से हटाने की कार्रवाई भी की गई।

चालक-परिचालक पर मुकदमा, हिरासत में

हादसे के बाद चालक और परिचालक के मौके से भागने की बात सामने आई है। यात्रियों के मुताबिक आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। पुलिस ने घटना के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

धुएं के बीच यात्रियों ने बचाई जान

हादसे में बचने वाले यात्रियों ने बताया कि आग लगने के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक शोर और धुएं के बीच लोगों की नींद खुली तो बाहर निकलने के लिए भगदड़ मच गई। बस में इतना धुआं भर गया था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। कई यात्री अपना सामान तक नहीं निकाल सके और किसी तरह बस से बाहर निकले।

सीएम ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required