स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सिडकुल एवं भेल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
15 चालान, दो बसें सीज
हरिद्वार । सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि मा. उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं परिवहन विभाग द्वारा सिडकुल और भेल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में स्कूली बसों एवं बच्चों को लाने ले जाने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी की उपस्थिति में कुल 35 स्कूली बसों एवं बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई।

नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए तथा वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के अभाव में दो बसों को सीज किया गया। सीज की गई बसों में सवार बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखते हुए उन्हें अन्य बसों में सुरक्षित स्थानांतरित कर आगे भेजने की व्यवस्था की गई। अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं संचालकों को निर्देशित किया गया कि बच्चों के परिवहन में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें तथा वाहनों के आवश्यक प्रपत्र वैध रखें। स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

