उत्तराखंड में मार्च के पहले सप्ताह में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चुनावी तैयारियों का संभावित खाका सामने आने लगा है। माना जा रहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव फरवरी के बजाय मार्च के पहले सप्ताह में कराए जा सकते हैं। वहीं, जनवरी के अंतिम सप्ताह यानी 27 से 30 जनवरी के बीच आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, चुनाव की तारीखों को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है।
सूत्रों के अनुसार, पांच से दस मार्च के बीच मतदान कराए जाने की प्रबल संभावना है। चुनाव कार्यक्रम के इस संभावित बदलाव के पीछे सबसे बड़ा कारण बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम माना जा रहा है। दरअसल, राज्य और केंद्रीय बोर्ड की अधिकांश महत्वपूर्ण परीक्षाएं 15 फरवरी से 10 मार्च के बीच प्रस्तावित हैं।
विधानसभा चुनाव संपन्न कराने में सरकारी स्कूलों के भवनों को मतदान केंद्र बनाने के साथ ही शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में चुनाव और बोर्ड परीक्षाएं एक साथ कराने से प्रशासन के सामने व्यवस्थागत चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जनवरी के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता लागू करने और मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराने का संभावित कार्यक्रम तैयार किए जाने की चर्चा है। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से भी 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आठ जनवरी को आचार संहिता लागू हुई थी।
सीबीएसई की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होने की जानकारी है। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं नौ मार्च तक, जबकि 12वीं की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। वहीं, आईसीएसई की 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च तक और आईएससी की 12वीं की परीक्षाएं नौ फरवरी से आठ अप्रैल 2027 तक प्रस्तावित हैं। इसके अलावा उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं भी फरवरी से मार्च के पहले सप्ताह के बीच आयोजित होने की संभावना है। ऐसे में चुनाव आयोग के सामने परीक्षा कार्यक्रम और मतदान की व्यवस्थाओं के बीच समन्वय बनाना अहम होगा।
उत्तराखंड में पिछले विधानसभा चुनावों की मतदान तिथियां
- 2022: 14 फरवरी
- 2017: 15 फरवरी
- 2012: 30 जनवरी
- 2007: 21 फरवरी
- 2002: 14 फरवरी
इस बार मार्च के पहले सप्ताह में मतदान होने की संभावित चर्चा उत्तराखंड के चुनावी कार्यक्रम को पिछले चुनावों से अलग बना सकती है। अब सभी की निगाहें निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

