उत्तराखंड में छह आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
नितेश झा से पंचायती राज तो युगल किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग वापस
सी रविशंकर को सैनिक कल्याण का अतिरिक्त प्रभार, उमेश नारायण और विनीत कुमार की जिम्मेदारियां बढ़ीं
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत कुछ अधिकारियों से अतिरिक्त विभागों का प्रभार वापस लिया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासनादेश के अनुसार, सचिव शहरी विकास एवं पंचायती राज नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। अब वह केवल सचिव शहरी विकास का दायित्व संभालेंगे। वहीं, सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन सी. रविशंकर को सचिव सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही सचिव संस्कृति एवं सचिवालय प्रशासन तथा महानिदेशक संस्कृति युगल किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है।

सचिव पुनर्गठन एवं भाषा विभाग तथा निदेशक उत्तराखंड सामाजिक अंकेक्षण, जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण उमेश नारायण को सचिव पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विनीत कुमार को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
वहीं, निदेशक खेल एवं युवा कल्याण दीप्ति सिंह से निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का प्रभार वापस ले लिया गया है। अपर सचिव नवनीत पांडे की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले विभागों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

