Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • हाईवे पर महिलाओं से बदसलू की

हाईवे पर महिलाओं से बदसलू की

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

नशे में धुत चार युवक हिरासत में

दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवकों पर गाली-गलौज और हुड़दंग का आरोप, मेडिकल में शराब सेवन की पुष्टि

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर महिलाओं के एक समूह के साथ कथित अभद्रता और हुड़दंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवकों ने महिलाओं की गाड़ी का पीछा किया और बहादराबाद टोल से पहले उन्हें रोकने की कोशिश करते हुए गाली-गलौज व बदसलूकी की। महिलाओं के विरोध के बावजूद युवकों के नहीं रुकने पर हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

महिलाओं ने बनाया वीडियो, पुलिस तक पहुंची सूचना
बताया गया कि महिलाएं अपनी कार से यात्रा कर रही थीं। उनके साथ कोई पुरुष नहीं था। आरोप है कि इसी दौरान सफेद रंग की वैगनआर कार में सवार युवक उनके पीछे लग गए। महिलाओं ने कथित अभद्रता का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को सूचना दी। एसएसपी के निर्देश पर बहादराबाद पुलिस तत्काल हरकत में आई और दिल्ली नंबर की कार को रुकवाकर उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।

मेडिकल में शराब सेवन की पुष्टि

महिलाओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार चारों युवकों का मेडिकल कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने कार को सीज करने के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ और कार्रवाई के दौरान युवकों ने हाथ जोड़कर अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी तथा भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का आश्वासन दिया। बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने और आम लोगों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सड़क पर हुड़दंग और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required