नाबालिगों के वाहन चलाने पर परिवहन विभाग का शिकंजा
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
20 स्कूटी-मोटरसाइकिल सीज
जगजीतपुर क्षेत्र में स्कूलों के आसपास चला विशेष प्रवर्तन अभियान
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों और आसपास के इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज कीं।
अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय प्रशासन से भी जानकारी ली। प्रधानाचार्यों ने बताया कि नाबालिग विद्यार्थियों को स्कूटी या मोटरसाइकिल से स्कूल न भेजने के लिए उनके अभिभावकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी दोपहिया वाहनों से स्कूल पहुंच रहे थे और वाहनों को आसपास की गलियों में खड़ा कर रहे थे।
विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेते हुए परिवहन विभाग की टीम ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान में कुल 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज की गईं। संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए सुरक्षित और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण भी शामिल रहे।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि निर्धारित आयु पूरी किए बिना और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के अभाव में बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। विभाग के अनुसार नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना स्वयं उनकी सुरक्षा के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जोखिम पैदा करता है। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक लगाने के लिए ऐसे प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

