बैंक हड़ताल टली, आज सामान्य रूप से खुलेंगे बैंक
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
कर्मचारी यूनियनों और प्रबंधन के बीच बनी सहमति, पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समेत मांगों पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति
आज से प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल कर्मचारी यूनियनों और बैंक प्रबंधन के बीच सहमति बनने के बाद टाल दी गई है। ऐसे में सोमवार को सभी बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे और बैंकिंग सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होंगी। हड़ताल टलने से बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।
हड़ताल को लेकर भारतीय बैंक संघ (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच रविवार देर रात बैठक हुई। बैठक में हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति बनी। इसके बाद बैंकों में आज सामान्य कामकाज जारी रखने का निर्णय लिया गया।
वार्ता के दौरान बैंक कर्मचारी यूनियनों की प्रमुख मांगों पर विचार के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है। इसमें सप्ताह में पांच दिन काम करने की मांग समेत अन्य मुद्दों पर विचार किया जाएगा। अब गठित समिति इन मांगों पर चर्चा कर आगे की प्रक्रिया तय करेगी। हड़ताल टलने के बाद फिलहाल बैंक शाखाओं में लेनदेन, जमा-निकासी और अन्य नियमित बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

