बैक होती बस की चपेट में आया युवक
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
एक पल में मातम में बदली हलचल
हरिद्वार। ट्रक यूनियन लक्सर के पास गुरुवार को बस बैक करते समय हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बस की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास मौजूद लोग तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंकित पुत्र राजपाल, निवासी झबरेड़ी कला, थाना झबरेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस को 112 के माध्यम से ट्रक यूनियन के पास हादसे की सूचना मिली थी। सूचना पर कस्बा लक्सर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक समीर पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रक यूनियन के पास एक बस चालक वाहन को पीछे की ओर बैक कर रहा था। इसी दौरान पास में खड़े एक ट्रक चालक द्वारा अपने वाहन का डाला बंद किया जा रहा था। बताया गया कि बस पीछे करते समय वहां मौजूद अंकित उसकी चपेट में आ गया।
हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। चौकी प्रभारी समीर पांडे ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

