हरिद्वार में 200 नौकरियां… हाईस्कूल से परास्नातक तक को मौका
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
जिला सेवायोजन कार्यालय में लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला
हरिद्वार। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार में 30 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले मेले में करीब 200 रिक्तियों पर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। मेले में हरिद्वार क्षेत्र की पांच से छह औद्योगिक इकाइयों के शामिल होने की संभावना है।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक और परास्नातक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। आईटीआई में फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर और प्लंबर ट्रेड के अभ्यर्थियों को भी अवसर दिया जाएगा। प्रतिभागी कंपनियों की संख्या आवश्यकतानुसार घट-बढ़ सकती है।
इच्छुक अभ्यर्थियों को 30 सितंबर को सुबह 10 बजे जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में पहुंचना होगा। अभ्यर्थी अपने साथ सीवी की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो, सभी शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र और सेवायोजन पंजीयन प्रमाण पत्र लेकर आएं।
अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार में संपर्क कर सकते हैं।

