उत्तराखंड में आज और कल येलो अलर्ट
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
पर्वतीय जिलों में तेज बारिश के आसार
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 16 और 17 सितंबर को राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दोनों दिन पर्वतीय जनपदों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। 16 सितंबर को पर्वतीय जनपदों के साथ ही ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं राज्य के सभी जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
17 सितंबर को पर्वतीय जनपदों में मौसम का असर अधिक रहने की संभावना है। यहां कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर हो सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
18 सितंबर से बारिश में कमी के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 18 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य जनपदों में भी कहीं-कहीं बौछारें पड़ने की संभावना है। 19 सितंबर को प्रदेशभर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 20 और 21 सितंबर को मुख्य रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रह सकता है।

