ट्रक की चपेट में आए 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
चालक वाहन छोड़कर फरार
ईदगाह चौक के पास द्वारकाधीश मंदिर के निकट हुआ हादसा, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शुरू की जांच
हरिद्वार। जिले के रुड़की में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में ईदगाह चौक के पास द्वारकाधीश मंदिर के निकट बुजुर्ग की स्कूटी एक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान कामेश्वर प्रसाद त्यागी (84 वर्ष), पुत्र सागवा सिंह त्यागी, निवासी दीनदयाल, भगवती हॉस्पिटल के पास, रुड़की के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह अपनी स्कूटी से किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। जैसे ही वह ईदगाह चौक के पास पहुंचे, उनकी स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख ट्रक चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बुजुर्ग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अब मौके से फरार हुए ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

