Search for:
  • Home/
  • Accident/
  • नदी बनी ‘काल’, तेज बहाव में पलटी मैक्स

नदी बनी ‘काल’, तेज बहाव में पलटी मैक्स

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

SDRF ने रात के अंधेरे में बचाई दो जिंदगियां

करीब एक घंटे चला खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन, बहते वाहन से दोनों लोगों को निकाला बाहर

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नदियां और नाले उफान पर हैं। ऋषिकेश में मंगलवार रात बीन नदी का तेज बहाव एक मैक्स वाहन को अपने साथ बहाने लगा। वाहन के पलटने से उसमें सवार दो लोग अंदर फंस गए। चारों ओर तेज बहता पानी, रात का अंधेरा और लगातार बढ़ता जलस्तर… हालात बेहद खतरनाक थे। ऐसे में SDRF के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब एक घंटे तक ऑपरेशन चलाया और दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रात 9:22 बजे मिली हादसे की सूचना

पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:22 बजे सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है और उसमें लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

पहले एक व्यक्ति को निकाला, दूसरा वाहन में फंसा रहा

मौके पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने रेस्क्यू शुरू कर दिया। नदी का बहाव इतना तेज था कि हर कदम पर जान का खतरा बना हुआ था। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा व्यक्ति अभी भी वाहन के अंदर फंसा हुआ था। इसी दौरान तेज बहाव के कारण वाहन अपनी जगह से खिसककर कुछ दूरी तक नीचे की ओर चला गया। इससे रेस्क्यू अभियान और चुनौतीपूर्ण हो गया।

मौके पर पहुंची दूसरी SDRF टीम

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त SDRF टीम को भी मौके पर बुलाया गया। निरीक्षक कविंद्र सजवान के नेतृत्व में दूसरी टीम घटनास्थल पर पहुंची और पहली टीम के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ाया। तेज बहाव के बीच SDRF जवानों ने जोखिम उठाकर वाहन तक पहुंच बनाई और काफी मशक्कत के बाद दूसरे व्यक्ति को भी सकुशल बाहर निकाल लिया।

दोनों को अस्पताल भेजा गया

रेस्क्यू के बाद दोनों लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। SDRF की तत्परता और साहस से रात के अंधेरे में एक बड़ा हादसा टल गया और दो जिंदगियां बचा ली गईं।

भारी बारिश को लेकर अलर्ट

उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। देहरादून मौसम विभाग ने भी भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required