लक्सर के शिवपुरी गांव में 9 दिन से लापता अंकित का नहीं मिला सुराग
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने लिया जायजा
वडियो कॉल कर सीएम से की वार्ता, परिजनों ने जताया हत्या का शक
हरिद्वार। लक्सर के शिवपुरी गांव निवासी अंकित पुत्र नरेश के लापता होने के नौ दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। युवक की तलाश में पुलिस ने एनडीआरएफ टीम के साथ शिवपुरी नीलधारा गंगा किनारे सघन सर्च अभियान चलाया। हालांकि, गंगा का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण अभियान को बीच में रोकना पड़ा।
अंकित 2 अगस्त की रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की और 3 अगस्त को रायसी पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद से पुलिस लगातार युवक की तलाश कर रही है।
ग्रामीणों की ओर से गंगा किनारे कुछ संदिग्ध लोगों को देखे जाने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एनडीआरएफ की मदद से नदी में सर्च अभियान शुरू किया गया। लगातार बारिश के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण टीम को तलाशी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वहीं, पूर्व विधायक संजय गुप्ता भी ग्रामीणों के साथ गंगा किनारे पहुंचे और मौके पर चल रहे तलाश अभियान का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वीडियो कॉल के जरिए पूरे मामले की जानकारी साझा की और प्रशासन से अंकित की तलाश में तेजी लाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
परिजनों ने युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए कुछ अज्ञात लोगों पर हत्या का शक जाहिर किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। हादसा, गंगा में बहने या आपराधिक घटना समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि जलस्तर कम होने के बाद नदी में दोबारा प्रभावी सर्च अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी है।

