कांवड़ यात्रा से पहले एसएसपी एक्शन मोड में
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
अपराध समीक्षा के साथ सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा
हरिद्वार। पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में गुरुवार को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की अध्यक्षता में जून माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन के बाद आयोजित इस बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी शामिल हुए। बैठक में बीते माह के अपराधों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, रिकवरी रेट और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
एसएसपी नवनीत सिंह ने अपराधों के डाटा का विश्लेषण करते हुए कुछ थाना प्रभारियों से कड़े सवाल पूछे और उनके प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशा तस्करी, वाहन चोरी, हुड़दंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ और अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यालय स्तर पर संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत की जा रही कार्रवाई की सराहना की गई और अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर एसएसपी ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे तथा मेले के लिए खरीदी गई सामग्री, टेंट, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक उपकरणों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा अन्य जनपदों से आने वाली पुलिस फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों के ठहराव, तैनाती और समन्वय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से मंथन किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा हरिद्वार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड पुलिस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। सभी अधिकारी समन्वय, सतर्कता और बेहतर टीमवर्क के साथ इसे सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।

