भारी बारिश से हरिद्वार बेहाल, डीएम मयूर दीक्षित खुद उतरे सड़कों पर
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
डीएम मयूर दीक्षित ने जलभराव वाले इलाकों का किया निरीक्षण
जल निकासी के तत्काल निर्देश, ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी; गंगा का जलस्तर बढ़ने की आशंका पर नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील
हरिद्वार। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हरिद्वार के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हालात का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं मौके पर पहुंचे और भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल स्थित गुरुबख्श विहार तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमनानंद अस्पताल के निकट जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों से तत्काल पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करें ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाए ताकि जाम और दुर्घटनाओं जैसी स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जाए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, श्रद्धालुओं और विशेष रूप से गंगा किनारे रहने वाले लोगों से अपील की कि लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में अनावश्यक रूप से गंगा घाटों और नदी किनारों पर न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, जल निगम के सहायक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

