मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैलाश मानसरोवर यात्रियों को दिखाई हरी झंडी
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
टनकपुर में लोकसंस्कृति और भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालु
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर उनकी यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद टनकपुर स्थित पर्यटन आवास गृह में श्रद्धालुओं के स्वागत में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और शिवभक्ति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने कुमाऊं की पारंपरिक लोकसंस्कृति की शानदार झलक प्रस्तुत की। श्रद्धालु भी उत्साहपूर्वक कुमाऊनी झोड़ा नृत्य में शामिल हुए और स्थानीय कलाकारों के साथ जमकर आनंद लिया। भगवान शिव की आराधना पर आधारित प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और आत्मीय आतिथ्य की मुक्तकंठ से सराहना की।
उनका कहना था कि देवभूमि का आध्यात्मिक वातावरण और यहां के लोगों का अपनापन उनकी यात्रा को अविस्मरणीय बना रहा है। यात्रियों ने इस भव्य स्वागत और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “देवभूमि उत्तराखंड की हवा में ही श्रद्धा और भक्ति समाई है। यहां की संस्कृति में अद्भुत आकर्षण और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है।”

