कनखल से अपहृत तीन वर्षीय बच्ची को सुशकल किया बरामद
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
गैंग के कब्जे से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चुराया गया एक अन्य बच्चा भी किया बरामद
दो महिलाओं सहित गैंग के छह सदस्य गिरफ्तार
दो से पांच लाख में निसंतान दंपत्तियों को बेचते थे चुराए गए बच्चे
हरिद्वार। पुलिस ने अंतर्राज्यीय बच्चा चोर गैंग का खुलासा करते हुए कनखल कोतवाली क्षेत्र के बैरागी कैंप से चोरी की गयी तीन वर्षीया बच्ची को सकशुल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली से चोरी किया गया एक साल का एक अन्य बच्चा भी बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए गैंग में दो महिलाओं सहित छह सदस्य शामिल हैं। चोरी किए गए बच्चों को दो से पांच लाख में निसंतान दंपत्तियों को बेच दिया जाता था।
मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि 6 जून को बैरागी कैंप निवासी विनोद सोलंकी तीन वर्षीय बच्ची राधिका का अपहरण कर लिया गया था। बच्ची को ले जाते एक महिला और एक युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। परिजनों की तहरीर पर मुकद्मा दर्ज करने के बाद पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा बच्ची की जल्द और सकुशल बरामदगी निर्देश दिए गए।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया की मदद से आरोपियों को चिन्हित करते हुए उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में छापामारी कर गिरोह के छह सदस्यों मोहम्मद आकिल पुत्र अनिश अहमद व उसकी पत्नी नसीमा निवासी पायती कला मिया सातूकी मजार के पास थाना डिडोली जिला अमरोहा उ.प्र. हाल निवासी एमडीए कालोनी एमयू यूनिवर्सिटी के पास मुरादाबाद उ.प्र., जुल्फेकार पुत्र स्व.जमील अहमद निवासी ग्राम दरियापुर थाना अमरोहा देहात जिला अमरोहा उ.प्र., धर्मेन्द्र कुमार पुत्र स्व. होशराम निवासी सिकन्दरपुर थाना भोपा मुजफ्फरनगर उ.प्र. हाल निवासी केशव नगर शुगर मिल के सामने लक्सर व उसकी पत्नी प्रीती शर्मा पत्नी धर्मेन्द्र निवासी ग्राम भोजापुर तहसील माधनगढ थाना कुठौन्द जिला जालोन उ.प्र. हाल निवासी सिकन्दरपुर थाना भोपा जिला मुजफ्फरनगर उ.प्र. एवं शिवा सिहं उर्फ गौरब पुत्र स्व. राजेन्द्र प्रसाद निवासी मौहल्ला पचरुकी गर्ग थाना शिवान सिटी जिला शिवान बिहार हाल निवासी झुग्गी झोपडी जटवाडा पुल ज्वालापुर हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की छापामारी और गिरफ्तारी से डरकर गिरोह के अन्य सदस्य अपहृत बच्ची को आनन्द बिहार रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गये। आरपीएफ की सूचना पर पुलिस टीम ने दिल्ली पहुंचकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। एसएसपी ने बताया कि बच्चा चुराने, ले जाने और फर्जी मां बाप बनकर ग्राहक ढूंढ कर बेचने के काम गैंग के सदस्यों ने आपस में बांट रखे थे। प्रीति शर्मा और आकिल बच्चे के रेट तय करने और बेचने की जिम्मेदारी संभालते थे। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने बीती 24 मई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से एक वर्ष के बच्चे कार्तिक को चोरी किया था और डेढ़ लाख में उसे बदायूं उ.प्र.में बेच दिया गया था। जानकारी के आधार पर पुलिस ने बच्चे कार्तिक को भी सकुशल बरामद कर लिया।

