पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
9 बाइक और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद
हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की 09 मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपित अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, किरवी चौक पर सिडकुल पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही संदिग्ध ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन अचानक बाइक का टायर फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया।
पूछताछ और वाहन की जांच में सामने आया कि आरोपित जिस मोटरसाइकिल को चला रहा था, वह चोरी की थी और उसके संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित से सख्ती से पूछताछ की तो उसने वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी दी।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने एक बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई आठ अन्य मोटरसाइकिलें तथा एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए। पुलिस के मुताबिक आरोपित और उसका फरार साथी चोरी की बाइकों को इसी सुनसान फैक्ट्री परिसर में छिपाकर रखते थे।
पुलिस जांच में आरोपित का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, उम्र 30 वर्ष है। उसके खिलाफ हरिद्वार के लक्सर, बहादराबाद, सिडकुल और कलियर थानों के अलावा देहरादून के डोईवाला तथा उत्तर प्रदेश के देवबंद थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित के खिलाफ लक्सर और देवबंद में गैंगस्टर एक्ट के मामले भी दर्ज बताए गए हैं।
बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब आरोपित के फरार साथी की तलाश में जुटी है। साथ ही बरामद वाहनों के संबंध में उनके वास्तविक मालिकों और चोरी के अन्य मामलों से कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही के बाद पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।

