Search for:
  • Home/
  • Dehradun/
  • राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में जल्द भरेंगी रिक्तियां, भर्ती की तैयारी तेज़

राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में जल्द भरेंगी रिक्तियां, भर्ती की तैयारी तेज़

Listen to this article

देहरादून -: प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 1,649 सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। प्रक्रिया के तहत प्रत्येक जनपद में रिक्त पदों के अनुसार आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। प्राथमिक शिक्षा निदेशक को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं।

स्कूली शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बयान में बताया कि वर्तमान में राज्य में लगभग 2,100 प्राथमिक विद्यालय अध्यापकों के पद रिक्त हैं। इनमें से 451 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों के अनुसार की जाएगी, जबकि शेष 1,649 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने के आदेश दिए गए हैं।

मंत्री ने बताया कि प्राथमिक शिक्षक जिला संवर्ग के अंतर्गत आते हैं, इसलिए भर्ती से संबंधित विज्ञापन भी जनपद स्तर पर जारी किए जाएंगे। संबंधित जनपद के जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) द्वारा वहां के रिक्त पदों के अनुसार आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

राज्य सरकार पिछले दो वर्षों से लगातार प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए शिक्षक नियुक्तियां कर रही है। अब तक 3,000 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं।

कुछ अभ्यर्थियों द्वारा एनआईओएस डी.एल.एड. को शामिल करने को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया था, जिससे भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। मंत्री रावत ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद राज्य मंत्रिमंडल ने बेसिक एजुकेशन सर्विस नियमों में आवश्यक संशोधन किए हैं, जिसके अंतर्गत वर्ष 2017 से 2019 तक के एनआईओएस डी.एल.एड. अभ्यर्थियों को भी प्राथमिक शिक्षा भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा, साथ ही सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) के पदों पर भी अवसर दिया जाएगा।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required