होली के मौके पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने मुख्यमंत्री को दिया आशीर्वाद
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi / Deshraj Sharma
उज्जैन। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उज्जैन स्थित निरंजनी अखाड़े में होली खेली। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को फूलों से होली खेलते हुए प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी की चुनरी मुख्यमंत्री को ओढ़ाकर उन्हें आशीर्वाद भी दिया।

श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने इस मौके पर कहा कि होली का पर्व सिर्फ रंगों और उल्लास का नहीं, बल्कि यह एकता और अखंडता का संदेश भी देता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, जो समाज में एकता और भाईचारे को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में सनातन परंपराओं को मजबूती मिली है और प्रदेश में विकास की नई गाथाएं लिखी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज का आभार व्यक्त किया और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है और प्रदेश की प्रगति के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।इस अवसर पर प्रदेशभर से आए श्रद्धालुओं और नेताओं ने भी एकता और भाईचारे के प्रतीक इस पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाया।

