Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • 15 अप्रैल तक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 को पूर्ण रूप से दुरुस्त कर लिया जाए- लोक निर्माण सचिव

15 अप्रैल तक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 को पूर्ण रूप से दुरुस्त कर लिया जाए- लोक निर्माण सचिव

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

लोक निर्माण सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने राजमार्ग संख्या-34 पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया

उत्तरकाशी। लोक निर्माण सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने चारधाम यात्रा के मद्देनजर उत्तरकाशी-भटवाड़ी-हर्षिल-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने बीआरओ अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अप्रैल 2026 तक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 को पूर्ण रूप से दुरुस्त कर लिया जाए।

उन्होंने यात्रा मार्ग से मलबा हटाने, डेंजर और लैंडस्लाइड जोन में आवश्यकतानुसार कटिंग कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने तथा हॉट मिक्स कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान यातायात सुचारु रहे। सचिव ने स्वाड़ी-गाड में निर्माणाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व स्टील गर्डर सेतु की लॉन्चिंग, डेक स्लैब का निर्माण तथा एप्रोच रोड का कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का संकल्प है कि चारधाम यात्रा से संबंधित सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरे हों।

डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग एवं पैदल सेतु का भी निरीक्षण किया। धराली क्षेत्र में हाल की दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल सेतु की मरम्मत कार्य प्रारंभ न होने तथा धराली और हर्षिल के बीच दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण कार्य शुरू न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

बीआरओ और विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व संबंधित स्थलों पर हॉट मिक्स कार्य कर सड़क की राइडिंग क्वालिटी में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान इं. रणजीत सिंह, इं. विजय कुमार, इं. नवीन लाल, इं. कैलाश चंद्र नौटियाल, मेजर संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required