मकान की दीवार ढहने से परिवार के चार सदस्यों की मौत
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
शुक्रवार रात करीब दो बजे उत्तरकाशी जनपद के राजस्व ग्राम ओडाटा के मोरा तोक स्थित गुजर बस्ती में एक भीषण हादसे में गुलाम हुसैन के आवासीय मकान की दीवार अचानक ढह जाने से वहां सो रहे परिवार के चार सदस्य मलबे में दब गए। मृतकों की पहचान गुलाम हुसैन (26 वर्ष) पुत्र अली अहमद, उसकी पत्नी रुकमा खातून (23 वर्ष), पुत्र आबिद (3 वर्ष) और 10 माह की बेटी सलमा के रूप में हुई है। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस-प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने घटना की पुष्टि की। बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों सदस्यों को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीवार गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन क्षेत्र में हुई हालिया भारी बारिश या मकान की स्थिति को एक संभावित कारक के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.।