मौसम परिवर्तन होने से पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बढ़ी तपिश,हल्की बारिश के आसार
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandip
प्रदेश के पहाड़ी से मैदान तक तपिश बढ़ गई है। मैदानी क्षेत्रों में चिलचिलाती धूप पसीने छुटा रही है। हालांकि, बीते दो दिनों में पारे में मामूली कमी आई है। आज और कल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों मेें मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून में भी आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं।
प्रदेश में इस वर्ष अप्रैल में अब तक सामान्य से 90 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। जिससे वातावरण शुष्क बना हुआ है और पारे में तेजी से इजाफा हो रहा है। तपती धूप से पहाड़ से मैदान तक हलकान होने लगे हैं।
अगले कुछ दिनों में पारे में तेजी से इजाफा होने के आसार हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कई क्षेत्रों में तापमान तेजी से चढ़ रहा है। जिससे दिनभर गर्मी बेहाल कर रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से कम होने के कारण राहत है।
मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के करवट बदलने से अगले दो दिन पारा सामान्य के आसपास रह सकता है। जबकि, बुधवार से तापमान में तेजी से वृद्धि होने की आशंका है।
