सोशल मीडिया पर महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandip
पहाड़ी समाज और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी वाले व्यक्ति को देहरादून की थाना प्रेम नगर पुलिस ने बुद्धा चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी उत्तराखंड से भागने की फिराक में था। प्रेम नगर पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा दिया गया है। आरोपी के अपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
प्रेम नगर थाना पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त को मनीष शर्मा निवासी धौलास थाना प्रेम नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चंद्रकांत कुमार नाम के व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहाड़ी समाज और पहाड़ी महिलाओं के लिए गलत टिप्पणी की। जिसे उनके दोस्त भारत ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। इससे उत्तराखंड के पहाड़ी समाज में काफी रोष है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रेम नगर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम 1986 की धारा 6 में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
थाना प्रेम नगर गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा घटना के संबंध में जानकारी इकट्ठा करते हुए सर्विलांस की मदद से आरोपी चंद्रकांत कुमार को बुद्धा चौक निकट सौरभ होटल से गिरफ्तार किया गया। आरोपी चंद्रकांत झारखंड का रहने वाला वाला है जबकि उत्तराखंड में प्रॉपर्टी डीलर का काम कर रहा था।