Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • जिला अस्पताल में चाकूबाजी, युवक की मौत, मोबाइल कारोबार की रंजिश ने लिया खूनी रूप

जिला अस्पताल में चाकूबाजी, युवक की मौत, मोबाइल कारोबार की रंजिश ने लिया खूनी रूप

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

मोबाइल कारोबार की रंजिश ने लिया खूनी रूप

मोबाइल कारोबार में वर्चस्व और प्रतिस्पर्धा को लेकर दो दुकानदारों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। इसके बाद मेडिकल परीक्षण कराने जिला अस्पताल पहुंचे एक पक्ष के लोगों पर दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोगों ने इमरजेंसी गेट पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकुओं से वार कर 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश कुमार की हत्या कर दी। अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।

घटना शुक्रवार सुबह रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार जगतपुरा और आवास विकास क्षेत्र में मोबाइल की अलग-अलग दुकानें हैं। दोनों दुकानों के संचालक दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति के बीच लंबे समय से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा चली आ रही थी। इसी को लेकर शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। संघर्ष में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।

मारपीट में घायल एक पक्ष के लोग शिकायत लेकर आवास विकास पुलिस चौकी पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इसी बीच दूसरे पक्ष को भी इसकी जानकारी मिल गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोग जिला अस्पताल पहुंच गए और इमरजेंसी गेट के पास दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और हमलावरों ने राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजकुमार को अस्पताल में बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर हुई इस वारदात से अफरा-तफरी मच गई।

तीन थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

हत्या की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि एसपी सिटी के मौके पर पहुंचने और घटना की जानकारी लेने के दौरान भी दोनों पक्षों के लोग फिर आमने-सामने आ गए। पुलिसकर्मियों को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एहतियातन जिला अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद में घायल एक पक्ष के लोग मेडिकल कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोगों ने वहां पहुंचकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन थानों की पुलिस तैनात की गई है। पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required