देहरादून में 14 लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा, तीन गिरफ्तार
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
बिहारीगढ़ के दो युवक भी शामिल, डेढ़ लाख रुपये बरामद; चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी
देहरादून। राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट का पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने करीब 24 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.50 लाख रुपये बरामद किए हैं, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, राणा कॉलोनी, हरिपुर कलां, मोतीचूर निवासी राजेश कुमार सोनी सात नवंबर को प्लॉट के सौदे के सिलसिले में देहरादून में दिनेश तिवारी के पास 14 लाख रुपये नकद लेने गए थे। रुपये मिलने के बाद वह दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ कार से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अस्पताल के पास एक्टिवा और बाइक सवार युवकों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने मारपीट कर पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 859/26 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 310(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की मदद से अल्का डेयरी से मेहूंवाला जाने वाले मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को दिनेश तिवारी के परिचित होने के कारण पहले से जानकारी थी कि वह प्लॉट के सौदे के लिए भारी नकदी लेकर जा रहा है। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।
गिरफ्तार आरोपी –
- सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27) निवासी रोहित नगर, बुग्गावाला रोड, बिहारीगढ़
- जसमीत सिंह (18) निवासी सुंदरपुर, थाना बिहारीगढ़, जिला सहारनपुर
- शक्ति सिंह (47) निवासी राजपुर रोड, देहरादून
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में – प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, ओमवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

