हाईवे पर भीषण हादसा, कार में आग लगने से छह लोगों की मौत
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
बेकाबू कार बिजली के खंभे से टकराई, टक्कर के बाद वाहन में लगी आग, हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले थे कार सवार
सोमवार सुबह पानीपत-खटीमा हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कार सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। दमकल और पुलिसकर्मियों ने आग पर काबू पाने के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद कार से छह लोगों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग हरियाणा के जींद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान अजय (22) पुत्र शमशेर, निवासी मोठ गढ़ी, हिसार, अमन (24) पुत्र रामफल, निवासी मोठ गढ़ी, हिसार, राहुल (21) पुत्र समुन्द्र, निवासी राखी गढ़ी, हिसार, अंकित (19) पुत्र समुन्द्र, निवासी राखी गढ़ी, हिसार, साहिल (24) पुत्र सोमकुमार, निवासी राखी गढ़ी, हिसार, अंकित (23) पुत्र राजेश, निवासी राखी गढ़ी, हिसार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। छह लोगों की मौत से इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई और बिजली के खंभे से टकराने के बाद उसमें आग लगने की वजह क्या रही।

