Search for:
  • Home/
  • Accident/
  • गंगनानी में इनोवा कार खाई से नदी में गिरी, चार की मौत

गंगनानी में इनोवा कार खाई से नदी में गिरी, चार की मौत

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

कई लोगों  के लापता होने की आशंका

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर धारा कुंड के पास हुआ हादसा, गुजरात के बताए जा रहे वाहन सवार

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप बृहस्पतिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के भी नदी में लापता होने की आशंका है। उनकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें सर्च अभियान चला रही हैं। जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव दलों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले। इसके बाद शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं। हालांकि, हादसे के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया। अब तक नदी किनारे से चार शव बरामद किए गए हैं। वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए सर्च अभियान जारी है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही मृतकों और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी। दुर्गम क्षेत्र और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में टीमों को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। नदी के किनारों और आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार यात्रियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required